दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में मणिपुर के संगीत शिक्षक और संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार रविवार देर रात उनके घर के बाहर कुछ लोगों के शोर-शराबे और कथित उपद्रव को लेकर विवाद हुआ था। विक्रम सिंह ने शोर कम करने के लिए कहा, जिसके बाद मामला बढ़ गया और आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घर के कॉरिडोर में भीड़ ने किया हमला
ताजा CCTV रिपोर्टों के मुताबिक, विक्रम सिंह पर उनके घर की इमारत के कॉरिडोर और सीढ़ियों के पास हमला हुआ। Indian Express के अनुसार घटना के बाद आरोपियों को इमारत से बाहर निकलते हुए CCTV में देखा गया, जबकि करीब 10 मिनट बाद परिवार के सदस्य घायल विक्रम सिंह को अस्पताल ले जाते दिखाई दिए। पुलिस मामले में हमले की पूरी परिस्थितियों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
संगीत की दुनिया में थी अलग पहचान
चोंगथम विक्रम सिंह मणिपुर के जाने-माने संगीतकार और म्यूजिक टीचर थे। उन्होंने मणिपुर के Western music scene में लंबे समय तक काम किया और Phoenix के अलावा Ultra Vires तथा Eastern Dark जैसे बैंड के साथ भी गिटार बजाया था। वह दिल्ली में संगीत शिक्षा से जुड़े रहे और बच्चों को संगीत सिखाने के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेते थे। उनकी मां चोंगथम कमला देवी मणिपुर की प्रसिद्ध गायिका थीं।






