Home अपराध की दुनिया Pharma MD Arrested in GST Case: हिमाचल में 6.55 करोड़ के फर्जी...

Pharma MD Arrested in GST Case: हिमाचल में 6.55 करोड़ के फर्जी ITC का बड़ा खुलासा

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में CGST शिमला कमिश्नरेट के प्रिवेंटिव विंग ने फर्जी इनवॉइस के जरिए कथित तौर पर इनपुट टैक्स क्रेडिट और जीएसटी रिफंड हासिल करने के नेटवर्क का खुलासा किया है। विभाग के अनुसार मामले में करीब 6.55 करोड़ रुपये के अपात्र ITC का पता चला है। कार्रवाई के दौरान त्रिलोकपुर स्थित समय फार्मा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव जैन को गिरफ्तार किया गया है।

10 गैर-मौजूद फर्मों के इनवॉइस का इस्तेमाल
जांच में आरोप है कि समय फार्मा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और ड्यूल हेल्थकेयर ने कई फर्जी या गैर-मौजूद सप्लायर फर्मों के इनवॉइस के आधार पर ITC का लाभ लिया। अधिकारियों के मुताबिक करीब 5.55 करोड़ रुपये का ITC 10 गैर-मौजूद फर्मों से जुड़े इनवॉइस के माध्यम से लिया गया। जांच में ऐसे बिल भी सामने आए, जिनमें दर्ज माल की वास्तविक आवाजाही की पुष्टि ई-वे बिल और टोल प्लाजा डेटा से नहीं हो सकी।

बिना वास्तविक माल सप्लाई के बिलिंग का आरोप
CGST की जांच में फर्जी फर्मों, संदिग्ध अकाउंटिंग एंट्री और बिना वास्तविक माल की आपूर्ति के इनवॉइस जारी किए जाने के कथित साक्ष्य मिले हैं। विभाग के अनुसार फर्जी तरीके से हासिल ITC को जीएसटी रिफंड दावों में शामिल कर सरकारी खजाने से नकद रिफंड लेने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करने के साथ डिजिटल साक्ष्य, व्हाट्सऐप चैट और बैंकिंग लेन-देन की भी जांच की है।