त्योहारी सीजन में 102 स्पेशल ट्रिप
दशहरा और दिवाली के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने सोलापुर मंडल के विभिन्न रूटों पर 102 स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने का फैसला किया है। इन सेवाओं से मुंबई, चेन्नई, लातूर, कोल्हापुर और कलबुर्गी जैसे प्रमुख शहरों के बीच अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिलेगी।
27 सितंबर से शुरू होगी बुकिंग
स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग 27 सितंबर 2026 से शुरू होगी। यात्री विशेष शुल्क के साथ IRCTC की वेबसाइट, कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और RailOne ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले NTES या RailOne पर ट्रेन का अपडेटेड शेड्यूल और स्टॉपेज जांचने की सलाह दी है।
मुंबई-चेन्नई साप्ताहिक स्पेशल
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और चेन्नई बीच के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे लगाएगी। मुंबई से यह सेवा 14 अक्टूबर से 18 नवंबर तक और चेन्नई से वापसी सेवा 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक चलेगी।
मुंबई-लातूर के बीच अतिरिक्त ट्रेन
मुंबई और लातूर के बीच बाई-वीकली स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 13-13 फेरे लगाएगी। यह सेवा 13 अक्टूबर से 24 नवंबर के बीच मंगलवार और गुरुवार को संचालित की जाएगी।







