झुंझुनू में सरपंच उम्मीदवार का अनोखा वादा वायरल
राजस्थान के झुंझुनू जिले के झाझड़ गांव में पंचायत चुनाव को लेकर एक उम्मीदवार का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। सरपंच पद की दावेदार आशा यादव ने गांव के विकास के साथ उन युवाओं की शादी कराने की बात कही है, जिनकी शादी नहीं हो पा रही है। उनकी घोषणा में सबसे ज्यादा चर्चा दक्षिण अफ्रीका से बहुएं लाने के दावे की हो रही है। आशा यादव का कहना है कि चुनाव जीतने के बाद इस योजना को पूरा करने की जिम्मेदारी वह खुद उठाएंगी।
दक्षिण अफ्रीका से बहुएं लाने की कही बात
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आशा यादव गांव के उन युवाओं का जिक्र करती नजर आती हैं, जिनकी शादी में परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि कुछ परिवार बिहार और उत्तर प्रदेश से बहुएं लेकर आते हैं। उनके मुताबिक, इस स्थिति के कारण गांव में तुलना और भेदभाव जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने समानता बनाए रखने के लिए दक्षिण अफ्रीका से बहुएं लाने की कोशिश करने की बात कही है।
शादी का पूरा खर्च उठाने का दावा
आशा यादव ने वीडियो में दावा किया कि उनकी योजना के तहत शादी का पूरा खर्च और अन्य व्यवस्थाएं उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी होंगी। उन्होंने कहा कि गांव में किसी को इस बात की शिकायत नहीं रहनी चाहिए कि किसी परिवार को बेहतर बहू मिली और किसी को नहीं। हालांकि, वीडियो में इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया, संभावित परिवारों, विवाह के लिए संबंधित लोगों की सहमति और कानूनी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
गांव के विकास के साथ शादी का मुद्दा भी चर्चा में
सरपंच पद की उम्मीदवार आशा यादव ने अपनी घोषणा के जरिए गांव के विकास और युवाओं की शादी से जुड़े मुद्दे को एक साथ उठाया है। वीडियो के अंत में उन्होंने ग्रामीणों से उन्हें सरपंच बनाने और समर्थन व आशीर्वाद देने की अपील की। उनकी इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि, इस वादे को पूरा करने की व्यवहारिकता और योजना का वास्तविक स्वरूप स्पष्ट होना अभी बाकी है।




