अमृतसर में हथियारों की बड़ी खेप बरामद
त्योहारों से पहले पंजाब में अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ अमृतसर देहाती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से AK-47 राइफल, मैगजीन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से पंजाब की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश से जुड़े एक नेटवर्क का पता चला है।
तस्कर की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्बा पुत्र भोला सिंह, निवासी चीमा खुर्द, थाना सराए अमानत खां, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में उसके संपर्क विदेश में बैठे कथित देश विरोधी तत्वों से होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके संपर्कों और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पाकिस्तान से आई थी हथियारों की खेप
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आने का दावा किया गया है कि बरामद हथियारों और विस्फोटकों की खेप पाकिस्तान से सीमा पार कर भारत भेजी गई थी। बरामदगी के बाद अमृतसर के घरिंडा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
किसे सप्लाई होने थे हथियार?
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि AK-47, कारतूस और हैंड ग्रेनेड किसे सौंपे जाने थे और इनके पीछे किसी बड़ी वारदात की योजना थी या नहीं। जांच एजेंसियां आरोपी के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं।
पंजाब पुलिस ने सख्त कार्रवाई की बात कही
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से जारी जानकारी के अनुसार पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियारों की खेप पकड़ी। बरामदगी में AK-47 राइफल के साथ उसकी मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पंजाब की अमन-शांति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







