Home सामाजिक देशभर में भारी बारिश का कहर: उत्तराखंड में 172 सड़कें बंद

देशभर में भारी बारिश का कहर: उत्तराखंड में 172 सड़कें बंद

4

उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में मंगलवार को 12 लोगों की मौत की सूचना है। राज्य के कई इलाकों में सड़कें बंद हैं और नदियां उफान पर हैं। नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

172 से ज्यादा सड़कें बंद, हाईवे खोलने में जुटी मशीनें
भारी बारिश के कारण उत्तराखंड में 172 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। कई स्थानों पर लैंडस्लाइड के चलते मुख्य मार्ग भी बाधित हुए हैं। प्रशासन की टीमें और जेसीबी मशीनें मलबा हटाकर रास्ते खोलने में जुटी हैं। गौला और खकरा नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

 

नैनी झील का जलस्तर 88 फीट पार, चैनल खोले गए
नैनीताल में लगातार बारिश के चलते नैनी झील का जलस्तर 88 फीट के पार पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने के बाद झील के चैनल खोल दिए गए हैं, ताकि अतिरिक्त पानी की निकासी की जा सके। रानीबाग क्षेत्र में गौला नदी का बहाव भी बेहद तेज हो गया है, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया है।

 

अल्मोड़ा में मलबे में दबने से मौतें, केदारनाथ यात्रा रोकी गई
अल्मोड़ा में बारिश और भूस्खलन से जुड़े हादसों में कई लोगों की जान गई है। इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए सोनप्रयाग में केदारनाथ यात्रा को एहतियातन रोक दिया गया है। कई जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।