गुरुग्राम के सेक्टर-71 स्थित सीएचडी एवेन्यू सोसायटी में 44 वर्षीय कीर्तिमई मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक घटना से पहले कीर्तिमई ने अपने पति युवराज शर्मा का मोबाइल फोन देखा था। मोबाइल की गैलरी में उन्हें एयर इंडिया एकेडमी की एक महिला सहकर्मी के साथ युवराज की फोटो दिखाई दी। फोटो को लेकर कीर्तिमई ने पति से सवाल किया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस काफी बढ़ गई थी। इसके बाद कीर्तिमई नाराज होकर दूसरे कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
रात में कमरे का दरवाजा अंदर से किया बंद
पुलिस को दिए बयान के अनुसार 26 अगस्त की रात कीर्तिमई अपनी नौ वर्षीय बेटी और पति के साथ कमरे में थीं। इसी दौरान मोबाइल फोन की गैलरी देखते समय उन्हें महिला सहकर्मी के साथ पति की तस्वीर दिखाई दी। तस्वीर को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी देर तक बहस और विवाद चलता रहा। झगड़े के बाद कीर्तिमई दूसरे कमरे में चली गईं और उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पति युवराज को लगा कि गुस्सा शांत होने के बाद सुबह स्थिति सामान्य हो जाएगी। इसी वजह से वह अपनी बेटी के साथ दूसरे कमरे में सो गए और रात में दरवाजा खोलने की कोशिश नहीं की।
सुबह दरवाजा नहीं खुला तो बालकनी से देखा
अगली सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर युवराज ने पत्नी को आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने बालकनी की खिड़की से कमरे के अंदर देखने की कोशिश की। अंदर का दृश्य देखकर युवराज के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत मदद के लिए अपने परिचितों तथा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दरवाजा खोलने के लिए शीशा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया। पुलिस के पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच में पुलिस अब घटना से पहले हुए विवाद और परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है।




