पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़ी बस में ट्रक ने मारी टक्कर
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह सड़क किनारे खड़ी बस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस के दोनों चालक अक्षय और वीर चंद्रा की मौके पर ही मौत हो गई। बस में करीब 80 यात्री सवार थे, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं।
महादेव पुरवा पुल के पास हुआ हादसा
हादसा सुबेहा क्षेत्र में महादेव पुरवा पुल के पास एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 52.7 पर सुबह करीब पांच बजे हुआ। बताया गया कि दिल्ली से बिहार जा रही बस में कुछ खराबी की आशंका होने पर चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। दोनों चालक पीछे जाकर वाहन की जांच कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।
दोनों चालकों की मौके पर मौत
टक्कर के दौरान दोनों चालक बस और ट्रक के बीच दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
कई यात्री घायल, गंभीर घायलों को अमेठी भेजा
हादसे में बिहार के अररिया जिले के डीडवा निवासी राहुल कुमार मंडल, गोपालपुर पारसोली निवासी अजय कुमार बिंद, डब्लू कुमार और सुपौल जिले के छातापुर निवासी मदन कुमार घायल हुए हैं। घायलों को अमेठी के बाजार शुकुल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं, कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया
हादसे के बाद पुलिस ने दूसरे वाहन की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। एसओ बेचू यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







