नौकरी छोड़कर घूमने को बनाया करियर
ब्रिटेन की 26 साल की रियानन वुड ने नौकरी की तय राह छोड़कर यात्रा को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया। अलग-अलग देशों में छोटी नौकरियां करने के दौरान उन्हें घूमने और नई जगहों को जानने का मौका मिला। धीरे-धीरे उन्होंने अपने ट्रैवल अनुभव को कमाई के रास्ते में बदलना शुरू किया।
यूनिवर्सिटी के दिनों में बढ़ा ट्रैवल का जुनून
साल 2021-22 में पढ़ाई के सिलसिले में फ्रांस के लियोन पहुंचने के बाद रियानन ने वीकेंड पर आसपास के देशों की यात्राएं शुरू कीं। पहाड़ों, नए शहरों और यूरोप के अलग-अलग हिस्सों की यात्राओं ने उनका ट्रैवल के प्रति उत्साह बढ़ाया। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह कनाडा चली गईं और वहां काम करने के साथ अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करती रहीं।
इंस्टाग्राम को बनाया कमाई का जरिया
2024 के आखिर में रियानन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ज्यादा व्यवस्थित तरीके से काम करना शुरू किया। उन्होंने सोशल मीडिया से जुड़े कोर्स किए और इंस्टाग्राम कोच की मदद से कंटेंट और फॉलोअर्स बढ़ाने की रणनीति सीखी। इसके बाद सोशल मीडिया उनके लिए कमाई का जरिया बनने लगा।
पहली बड़ी ट्रैवल डील से मिली शुरुआत
इंस्टाग्राम पर गंभीरता से काम शुरू करने के करीब चार महीने बाद ऑनलाइन ग्रुप ट्रिप कंपनी Mapo Tapo ने उन्हें स्विट्जरलैंड की ग्रुप ट्रिप लीड करने का मौका दिया। यह उनकी पहली संगठित टूर लीडर की भूमिका थी। इस ट्रिप से उन्हें करीब 330 पाउंड यानी लगभग 36 हजार रुपये की कमाई हुई।
एक ट्रिप से लाखों तक पहुंची कमाई
पहली ट्रिप के बाद रियानन को नए अवसर मिलने लगे। उन्होंने Skyscanner, Siroko और Roamless जैसे ब्रांड्स के साथ काम किया। ग्रुप ट्रिप से उनकी कमाई बढ़ी और उनके अनुसार एक ट्रिप से वह अधिकतम करीब 3,000 डॉलर यानी लगभग 2.5 लाख रुपये तक कमीशन कमा चुकी हैं। इंस्टाग्राम ब्रांड कोलैबोरेशन के लिए भी उनकी फीस अब 1,000 डॉलर से ज्यादा हो चुकी है।
बैकपैक में सिमटी जिंदगी
दुनिया घूमने वाली रियानन की जिंदगी बाहर से जितनी आसान दिखती है, उसके पीछे उतनी ही मेहनत है। कई बार वह बजट में यात्रा करती हैं और कम सामान के साथ लंबे समय तक सफर करती रही हैं। यात्रा के दौरान उन्हें लगातार सोशल मीडिया कंटेंट भी तैयार करना पड़ता है, इसलिए उनके लिए घूमना छुट्टी के साथ-साथ काम भी है।
हर दिन करना पड़ता है काम
रियानन के अनुसार ट्रैवल कंटेंट से कमाई करने वाली जिंदगी हमेशा छुट्टी जैसी नहीं होती। उन्हें पोस्ट तैयार करने, ईमेल का जवाब देने, ब्रांड डील की बातचीत करने और ग्रुप ट्रिप की योजना बनाने जैसे काम लगातार करने पड़ते हैं। शुरुआत में अपनी फीस तय करना उनके लिए मुश्किल था, लेकिन समय के साथ उन्होंने अपने काम की वैल्यू समझना सीखा।







