अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर सीक्वेंस को लेकर अभिनेत्री की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया। स्वरा ने फिल्म में दिखाए गए महिलाओं के आत्मदाह के दृश्य को लेकर सवाल उठाए और इसकी तुलना दुष्कर्म पीड़िता की स्थिति से की थी।
वायरल क्लिप को लेकर स्वरा ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद स्वरा भास्कर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनके बयान की एक क्लिप को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उसका गलत अनुवाद कर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
स्वरा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा। अभिनेत्री के मुताबिक, उनके बयान का संदर्भ यह था कि यदि कोई महिला दुष्कर्म के बाद जीवित बचती है, तो समाज उसे किस तरह के संदेश देता है।
‘मैंने ऐसा बिल्कुल नहीं कहा कि वे कायर थीं’
स्वरा ने अपनी सफाई में कहा कि सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि उन्होंने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं को कायर बताया। अभिनेत्री ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा बिल्कुल नहीं कहा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी बयान को गलत तरीके से फैलाने के बजाय पहले उसकी भाषा और संदर्भ को समझना चाहिए। स्वरा ने यह भी कहा कि अगर लोग उन्हें आलोचना या गाली देना चाहते हैं तो दें, लेकिन सही बात के आधार पर प्रतिक्रिया दें।






