उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार 21 सितंबर की देर रात 34 IAS अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की, जिसमें 14 जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। जिन जिलों के DM बदले गए हैं, उनमें कानपुर नगर, मुरादाबाद, हरदोई, एटा, कुशीनगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर शामिल हैं। इस फेरबदल में कई अधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी से हटाकर शासन और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को नई जिलों की कमान सौंपी गई है।
कानपुर नगर को मिला नया जिलाधिकारी
कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह का तबादला कर उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का नया DM बनाया गया है, जबकि विशेष सचिव राज्य कर राहुल पांडेय को हरदोई की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासनिक फेरबदल में जिलों के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
अमेठी, कुशीनगर और संतकबीरनगर में भी बदलाव
अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान को कुशीनगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि शशांक चौधरी को अमेठी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर भेजा गया है और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक को संतकबीरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार को पीलीभीत और पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।







