भोपाल के रातिबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोरागांव में 30 वर्षीय राखी रैकवार की हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, राखी की हत्या उसके पति मोनू रैकवार की प्रेमिका शशि रैकवार ने अपने पुराने प्रेमी नरेंद्र रैकवार के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को पास के एक खंडहरनुमा मकान में चादर से ढककर छिपा दिया गया था।
24 अगस्त को पति ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
पुलिस के मुताबिक राखी मूल रूप से बीना की रहने वाली थी और करीब पांच महीने पहले अपने पति मोनू के साथ भोपाल आकर रहने लगी थी। मोनू पेंटिंग ठेकेदारी का काम करता है। 24 अगस्त को मोनू ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। उसने अज्ञात व्यक्ति द्वारा जबरदस्ती अपहरण किए जाने की आशंका भी जताई थी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घर के पास खंडहर में मिला महिला का शव
जांच के दौरान पुलिस को गोरागांव में एक खंडहरनुमा मकान के पास अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई तो वह मोनू की गुमशुदा पत्नी राखी रैकवार का निकला। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला प्रथम दृष्टया हत्या का पाए जाने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और अलग-अलग टीमें गठित कीं।






