दिल्ली के नरेला और हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार सुबह जिम के बाहर हुई गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। दोनों मामलों में अपने-अपने क्षेत्र में कारोबार से जुड़े लोगों को निशाना बनाया गया। खास बात यह रही कि दोनों पीड़ित सुबह जिम जाने के लिए घर से निकले थे और जिम के बाहर ही बाइक या स्कूटी सवार हमलावरों ने गोलीबारी कर उन्हें निशाना बनाया।
फिलहाल दोनों हत्याओं के बीच किसी सीधे कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
नरेला में जिम के गेट पर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके के बाकनेर गांव में गुरुवार सुबह प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि प्रमोद हरियाणा के सोनीपत जिले के नाहरी गांव के रहने वाले थे और प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़े थे।
जानकारी के मुताबिक, प्रमोद रोज की तरह सुबह एक्सरसाइज करने के लिए जिम पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम के गेट के पास पहुंचे, स्कूटी सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में करीब 10 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। वारदात के बाद हमलावर स्कूटी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद की जांच
पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्रमोद की हत्या किसी पुरानी रंजिश, कारोबारी विवाद या किसी अन्य कारण से की गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल और संभावित भागने के रास्तों की भी जांच कर रही है।



