Home कारोबार JLR Expands India: JLR ने दिल्ली और गुरुग्राम में खोले नए आउटलेट्स

JLR Expands India: JLR ने दिल्ली और गुरुग्राम में खोले नए आउटलेट्स

दिल्ली और गुरुग्राम में JLR के नए आउटलेट्स
टाटा समूह के स्वामित्व वाली ब्रिटिश लग्जरी कार निर्माता कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) भारत में अपना रिटेल नेटवर्क बढ़ा रही है। इसी रणनीति के तहत कंपनी ने दिल्ली और गुरुग्राम में नए आउटलेट्स शुरू किए हैं। दक्षिण दिल्ली के मथुरा रोड पर AMP मोटर्स के साथ साझेदारी में इंटीग्रेटेड फैसिलिटी सेंटर खोला गया है। इन नए केंद्रों के साथ कंपनी का नेटवर्क देश के 26 शहरों में 33 अधिकृत टचपॉइंट्स तक पहुंच गया है। कंपनी आगे मदुरै में भी नया शोरूम खोलने की योजना बना रही है।

 

चेन्नई में भी शुरू हुई अधिकृत रिटेल सुविधा
दिल्ली और गुरुग्राम से पहले JLR इंडिया ने चेन्नई के अंबत्तूर इंडस्ट्रियल एस्टेट में KUN ऑटो वर्क्स के साथ मिलकर अपनी पहली अधिकृत रिटेल फैसिलिटी शुरू की थी। यहां ग्राहक रेंज रोवर, डिफेंडर और डिस्कवरी की पूरी रेंज देख सकते हैं, साथ ही ब्रांडेड मर्चेंडाइज भी उपलब्ध है। कंपनी के प्रबंध निदेशक राजन अंबा के अनुसार, प्रमुख बाजारों में रिटेल नेटवर्क का विस्तार JLR की विकास रणनीति का अहम हिस्सा है। चेन्नई को भारत के प्रमुख लग्जरी कार बाजारों में गिना जाता है, इसलिए कंपनी इस क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत करना चाहती है।

 

जून तिमाही में बिक्री में 11 प्रतिशत की वृद्धि
JLR के बिक्री आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी ने भारत में 1,665 वाहन बेचे, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 11 प्रतिशत अधिक है। इस बिक्री में रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर की संयुक्त हिस्सेदारी 85 प्रतिशत से ज्यादा रही। कंपनी के थोक प्रेषण में भी 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1,694 यूनिट्स तक पहुंच गया। पिछले साल JLR ने भारतीय बाजार में लगभग 6,183 वाहनों की बिक्री की थी। कंपनी के मुताबिक, प्रीमियम कारों की बढ़ती मांग और ग्राहकों की बदलती आकांक्षाएं बाजार में उसकी संभावनाओं को मजबूत कर रही हैं।

 

अगले साल लॉन्च होंगी इलेक्ट्रिक रेंज रोवर SUV
JLR भारत में स्थानीय उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है। कंपनी ने चेन्नई के पास पानापक्कम स्थित अपने प्लांट में वाहनों का स्थानीय उत्पादन शुरू किया है, जिससे घरेलू बाजार की मांग पूरी करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक वाहनों की रणनीति के तहत कंपनी अगले साल अप्रैल के आसपास रेंज रोवर इलेक्ट्रिक और रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक को भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इन मॉडलों के आने से देश के लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV बाजार में कंपनी की मौजूदगी मजबूत हो सकती है। हालांकि, लॉन्च की सटीक तारीख और कीमतों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।