दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी NOTAM के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी के आसपास 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले हवाई अड्डों पर गैर-नियमित उड़ानों के संचालन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। यह पाबंदी 11 से 13 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके दायरे में निजी विमान, चार्टर विमान और अन्य गैर-नियमित उड़ानें शामिल हैं।
नियमित कमर्शियल उड़ानों पर नहीं पड़ेगा असर
प्रतिबंध का असर आम यात्रियों के लिए संचालित नियमित कमर्शियल फ्लाइट्स पर नहीं है। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलने वाली यात्री उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। वहीं विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और उनके प्रतिनिधिमंडलों को लेकर आने वाले विशेष विमानों को जरूरी मंजूरी और पहले से स्वीकृत फ्लाइट प्लान के आधार पर संचालन की अनुमति दी जाएगी। करीब 35 विशेष विमानों के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
कई तरह की विशेष उड़ानों को छूट
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुछ विशेष श्रेणी की उड़ानों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को लेकर चलने वाले सरकारी विमान और हेलीकॉप्टर, भारतीय वायुसेना, सीमा सुरक्षा बल और एविएशन रिसर्च सेंटर की उड़ानों को संचालन की अनुमति रहेगी। इसके अलावा आर्मी एविएशन के क्विक रिस्पॉन्स मिशन तथा दुर्घटना में घायलों को ले जाने और तत्काल मेडिकल इवैक्यूएशन वाली उड़ानों को भी निर्धारित मंजूरी के साथ उड़ान की अनुमति दी गई है।






