कन्नड़ सिनेमा के रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोनअप्स' अपनी स्टार कास्ट और कहानी को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस पैन-इंडिया फिल्म में यश मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म में कियारा आडवाणी भी अहम किरदार निभा रही हैं और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके किरदार का नाम नादिया बताया गया है। कन्नड़ अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत भी फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और वह मेलिसा के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरेशी और तारा सुतारिया जैसे कलाकारों के शामिल होने की भी रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं।
फिल्म में एंटी हीरो के अंदाज में दिखेंगे यश
टॉक्सिक में यश का किरदार उनके पिछले फिल्मों से काफी अलग और ज्यादा इंटेंस बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार वह फिल्म में एक एंटी हीरो के रूप में नजर आएंगे, जिसका संबंध अपराध की दुनिया और ड्रग सिंडिकेट से बताया गया है। फिल्म में उनका लुक काफी रफ और खतरनाक दिखाई देने वाला है, जिससे कहानी में एक्शन और थ्रिल का स्तर बढ़ने की उम्मीद है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में तैयार की जा रही इस फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाया गया है। यश के प्रशंसकों के बीच उनके इस नए अवतार को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है।
1947 के दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
टॉक्सिक की कहानी को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि फिल्म की पृष्ठभूमि साल 1947 के आसपास की रखी गई है। कहानी में गोवा में पुर्तगाली शासन के दौरान सक्रिय रहे कथित अवैध अफीम कारोबार और उससे जुड़े माफिया नेटवर्क को प्रमुख आधार बनाया गया है। फिल्म इसी अपराध की दुनिया और उसके आसपास बने साम्राज्य की कहानी को एक्शन और थ्रिलर के अंदाज में पेश करने वाली है। यश का किरदार इसी आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि फिल्म की पूरी कहानी और किरदारों की भूमिका को लेकर मेकर्स की ओर से सीमित जानकारी ही सार्वजनिक की गई है।






