केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई-गोवा हाईवे यानी NH-66 के चौड़ीकरण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई है। गोवा के पोरवोरिम में 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि इस परियोजना में हुई देरी को लेकर उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है। गडकरी ने साफ कहा कि उन्होंने अब इस हाईवे के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना को पूरा करने में काफी समय लग चुका है और काम की रफ्तार को लेकर वह संतुष्ट नहीं हैं।
93-94% काम पूरा, फिर भी कई हिस्से बाकी
गडकरी ने बताया कि उन्हें एक दिन पहले हुई बैठक में जानकारी दी गई कि मुंबई-गोवा हाईवे का करीब 93 से 94 फीसदी काम पूरा हो चुका है। हालांकि महत्वपूर्ण हिस्सों में अभी भी काम बाकी है और इसी वजह से पूरी परियोजना को लेकर सवाल बने हुए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक इंदापुर और माणगांव के बाईपास तथा चिपलून फ्लाईओवर जैसे कुछ काम अभी अधूरे हैं। नागोठणे में नए पुल से जुड़े तकनीकी मुद्दे ने भी परियोजना की चुनौतियां बढ़ाई हैं।
अक्टूबर में मुंबई से गोवा तक करेंगे सफर
गडकरी ने कहा कि अक्टूबर में वह मुंबई एयरपोर्ट पर उतरकर कार से मुंबई-गोवा हाईवे के रास्ते गोवा जाएंगे। इस दौरान वह खुद सड़क की स्थिति और परियोजना की प्रगति का जायजा लेंगे। उनका कहना है कि इस निरीक्षण से यह समझने में मदद मिलेगी कि हाईवे का कितना काम वास्तव में पूरा हुआ है और किन हिस्सों में अभी सुधार की जरूरत है। मंत्री के इस ऐलान को परियोजना की गुणवत्ता और समयसीमा पर सीधे निगरानी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।






